राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 20 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाने वाली उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा एवं उनके निर्धारित समय पर वितरण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने परीक्षा के लिए आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति, पर्याप्त सतर्कता दलों के गठन, अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नकल एवं अनुचित साधनों की रोकथाम पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने परीक्षा में अनुचित साधनों एवं नकल की रोकथाम के लिए प्रभावी सतर्कता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुचारू आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
2.18 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 के लिए कुल 2,18,131 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा 20 सितंबर, 2026 को दो पारियों में आयोजित होगी। प्रथम पारी में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सामान्य हिन्दी तथा द्वितीय पारी में दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का प्रश्न-पत्र होगा।
11 जिलों में 666 परीक्षा केन्द्र निर्धारित
परीक्षा के आयोजन के लिए प्रदेश के 11 जिला मुख्यालयों—अजमेर, अलवर, भरतपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, टोंक एवं उदयपुर—में कुल 666 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में शासन सचिव, कार्मिक विभाग; महानिदेशक पुलिस; महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था; पुलिस आयुक्त, जयपुर; अतिरिक्त महानिदेशक, एसओजी; पुलिस आयुक्त, जोधपुर; संबंधित जिलों के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट; पुलिस अधीक्षक तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।
