Headlines

त्योहारों पर अजमेर में नियमित जलापूर्ति के निर्देश

👁 1 Views

अजमेर, रविवार। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर अजमेर शहर में पर्याप्त एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लीकेज, मरम्मत तथा नियमित अंतराल पर पर्याप्त प्रेशर के साथ जलापूर्ति को विभाग पूरी गंभीरता से ले। उन्होंने जयपुर में वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर अमृत-2.0 योजना के प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी दिलाने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने रविवार को सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर जलदाय विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बजट घोषणा के तहत स्वीकृत लगभग 270 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना तथा अमृत-2.0 योजना के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं।

श्री देवनानी ने निर्देश दिए कि अजमेर शहर में नियमित रूप से 48 घंटे के अंतराल पर स्वच्छ पेयजल पर्याप्त प्रेशर के साथ उपलब्ध कराया जाए। जलापूर्ति व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज अथवा अन्य तकनीकी समस्या है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने माकड़वाली, लोहागल एवं काजीपुरा क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वार्ड 75 स्थित यूआईटी कॉलोनी में घरों में जल भंडारण की समस्या को देखते हुए निर्धारित समय पर नियमित जलापूर्ति करने के निर्देश दिए। खटोला पोल, धी मंडी सहित अन्य क्षेत्रों में पुराने सीमेंटेड पाइपों के कारण गंदे पानी की शिकायत वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में बजट घोषणा 2024-25 के अंतर्गत नसीराबाद पंप हाउस से नौसर घाटी/कोटड़ा क्षेत्र तक पाइपलाइन बिछाने, सर्विस रिजर्वायर निर्माण तथा नसीराबाद में प्रगतिरत पंपिंग सिस्टम के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। श्री देवनानी ने इन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके तहत लोहागल में 35 एमएल, कोटड़ा में 30 एमएल तथा पृथ्वीराज नगर में 5 एमएल क्षमता के सर्विस रिजर्वायर निर्माण कार्यों में भी गति लाने के निर्देश दिए गए।

श्री देवनानी ने अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इनमें वरुण सागर में 5 एमएलडी क्षमता के नवीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, छतरी योजना में 700 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, पंचशील ए ब्लॉक में 500 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, ज्ञान विहार में 500 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, वरुण सागर में 500 केएल क्षमता के स्वच्छ जलाशय का निर्माण तथा करणी नगर एवं कीर्ति नगर में 300 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय के निर्माण कार्य शामिल हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने संबंधी प्राप्त प्रस्तावों पर विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में ट्यूबवेल एवं हैंडपंप से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। श्री देवनानी ने खराब हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने वार्ड 73 के शांतिपुरा स्थित श्री शांतिश्वर महादेव मंदिर के पास तथा वार्ड 1, आजाद नगर कोटड़ा स्थित सोमेश्वर उद्यान में ट्यूबवेल लगाने के कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बजट घोषणा एवं प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर हैंडपंप एवं ट्यूबवेल संबंधी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

श्री देवनानी ने वार्ड 2 कोटड़ा आवासीय योजना के ब्लॉक, वार्ड 70 होलीदड़ा स्थित नृसिंह मंदिर, वार्ड 74 रामदेव नगर, देहली गेट स्थित प्रेमप्रकाश आश्रम के सामने, ग्राम माकड़वाली तेजाजी चौक तथा वरुण सागर रोड स्थित स्वास्तिक नगर में हैंडपंप लगाने के कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम अजयसर स्थित खुलखुलिया भैरव मंदिर के पास ट्यूबवेल, वार्ड 16 स्थित खजूर का बाड़ा तथा वरुण सागर उद्यान में ट्यूबवेल शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *