7 सितंबर 2026
आबकारी आयुक्त श्री नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता के तहत अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी गई है। आबकारी विभाग की टीमों द्वारा नाकाबंदी, गश्त और दबिश के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा और अन्य राज्यों की शराब की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए विभिन्न जिलों में कार्रवाई की।
जयपुर में हरियाणा की शराब बरामद
जयपुर में आचार संहिता की पालना के लिए की गई नाकाबंदी के दौरान एक जीप कम्पास की तलाशी ली गई। तलाशी में एक कार्टन से 12 बोतल ब्लैक लेबल और 3 बोतल एब्सोल्यूट वोदका बरामद हुईं, जिन पर ‘For Sale in Haryana’ अंकित था। मामले में धीरज चौधरी और अनिल जैन को गिरफ्तार किया गया।
चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ में कार्रवाई
चित्तौड़गढ़ में आबकारी निरोधक टीम ने कार्रवाई करते हुए 1,000 लीटर वॉश के साथ दो कच्ची भट्टियां नष्ट कीं और 30 बोतल अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की।
वहीं, हनुमानगढ़ के गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट और मक्कासर सहित हथकड़ मदिरा के संवेदनशील क्षेत्रों में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 5,000 लीटर वॉश और 8 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 65 लीटर हथकड़ मदिरा और देशी मदिरा के 39 पव्वे जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए।
कोटा में 1,300 लीटर वॉश नष्ट
कोटा में आबकारी निरोधक दल ने दबिश देकर 1,300 लीटर वॉश और दो कच्ची भट्टियां नष्ट कीं। मौके से 59 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी जब्त की गई।
अलवर रेलवे स्टेशन पर शराब जब्त
अलवर जिले में रविवार को आबकारी दल और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अलवर जंक्शन पर 662 पव्वे आईएमएफएल बरामद किए गए। इन पर ‘For Sale in Chandigarh’ अंकित था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार 550 रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेशभर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
