पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ चुनाव कार्य संपादित करें: जिला निर्वाचन अधिकारी
जयपुर, 6 सितंबर 2026। नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत जयपुर जिले में 9 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान की तैयारियों के क्रम में रविवार को 18 नगर निकायों की ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में भवानी निकेतन स्थित फार्मेसी कॉलेज परिसर में ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें जयपुर जिले की 2 नगर परिषदों—चौमूं और शाहपुरा—तथा 16 नगर पालिकाओं दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नरायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा के लिए मतदान में उपयोग होने वाली ईवीएम शामिल रहीं।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने कमीशनिंग स्थल का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव कार्य पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ईवीएम एवं अन्य चुनाव सामग्री की सुरक्षा, सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव से संबंधित सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, संबंधित नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी तथा विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
