राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए आयोजित प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत प्राध्यापक—गणित, उर्दू एवं राजस्थानी विषयों के लिए जारी विचारित सूचियों में सम्मिलित अभ्यर्थियों के ऑनलाइन विस्तृत आवेदन पत्र के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उक्त विषयों के लिए विचारित सूची 3 सितंबर 2026 को जारी की गई थी। ऑनलाइन विस्तृत आवेदन पत्र भरने एवं सबमिट करने की अवधि 10 से 16 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी रात्रि 11:59 बजे तक अपना आवेदन ऑनलाइन सबमिट कर सकेंगे।
आयोग सचिव ने बताया कि विचारित सूचियों में अस्थायी रूप से सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों को अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर ‘माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी’ विकल्प का चयन कर ‘अप्लाई नाउ’ के माध्यम से अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा। विस्तृत आवेदन पत्र एवं दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग, अर्थात माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर, द्वारा ही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर सबमिट करने के बाद अभ्यर्थी ‘प्रिंट’ विकल्प के माध्यम से सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां प्रिंट कर अपने पास सुरक्षित रखें। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर विस्तृत आवेदन पत्र की दोनों प्रतियों के साथ समस्त मूल दस्तावेज एवं उनकी स्वयं सत्यापित प्रतियां लेकर उपस्थित होना होगा।
दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को सूचित करने की कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा अपने स्तर पर उचित माध्यम से की जाएगी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा इस संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से कोई सूचना प्रेषित नहीं की जाएगी।
निर्धारित तिथि को दस्तावेज जांच/सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को अपात्र मानते हुए परिणाम में शामिल नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची आयोग को भेजी जाएगी। इसके पश्चात आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग को अभिस्तावित किए जाएंगे।
