16 सितंबर
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य में पीएम ई-बस सेवा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ई-बस सेवा के संचालन वाले राज्य के आठ जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
श्री रवि जैन ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्य सचिव को योजना के क्रियान्वयन और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी।
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बसों के संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण एवं स्थापना निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए, ताकि बसों का सुचारू संचालन हो सके और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का प्रभावी एवं निर्बाध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-बस सेवा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
राजस्थान को मिलेंगी 1150 ई-बसें
बैठक में बताया गया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राजस्थान को दो चरणों में कुल 1150 ई-बसें प्राप्त होनी हैं। इनमें से अब तक 229 ई-बसें राज्य को प्राप्त हो चुकी हैं।
राज्य के जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा और अलवर सहित आठ जिलों में अब तक 65 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।
योजना के तहत संचालित ई-बसें वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसें हैं। इनमें चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ डिजिटल टिकटिंग और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
