जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अभिविन्यास बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। अभिभावकों को परीक्षा केंद्र से पर्याप्त दूरी पर रखा जाए तथा स्मार्टफोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। विलंब से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने केंद्राधीक्षकों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निष्पक्ष एवं नकल रहित परीक्षा संपन्न करवाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है। केंद्राधीक्षकों को संबंधित पुलिस थानों के प्रभारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
39 केंद्रों पर 8,929 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा में कक्षा-6 में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा में जयपुर एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कुल 8,929 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके लिए 39 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 13 केंद्र कोटपूतली-बहरोड़ जिले में तथा 26 केंद्र जयपुर जिले में बनाए गए हैं।
प्रवेश पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य
सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को नवोदय विद्यालय समिति के आधिकारिक पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट प्राप्त करना होगा। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। पहचान सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
सभी तैयारियां पूरी, समय से पहुंचने की अपील
जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा की प्राचार्या संजू जोशी ने बताया कि परीक्षा के सुचारु एवं सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां, सुरक्षा प्रबंध और पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पर्याप्त पहले आवंटित परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थी यात्रा में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए घर से पहले ही रवाना हों, ताकि यातायात अथवा अन्य कारणों से परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी न हो और कोई भी पात्र अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि एवं जयपुर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे।
