1 अक्टूबर को होगा ‘सशक्त युवा संवाद’

👁 0 Views

राज्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा हो प्रभु सेवा’ के तहत ‘सपनों की उड़ान—सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन 1 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे भवानी निकेतन महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार युवाओं की सशक्त भागीदारी होगी।

कार्यक्रम के दौरान लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन, नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक, माय भारत पोर्टल पर नशामुक्ति क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ, प्रतिभा/खेल मित्र एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ, एशियाई खेल विजेताओं का सम्मान तथा मुख्यमंत्री का ‘युवा संवाद’ होगा। इसके साथ ही नशामुक्ति शपथ एवं उद्बोधन के बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

कार्यक्रम में ‘सेवा के रंग—नशामुक्त युवा’ थीम पर आधारित मांडना एवं रंगोली का निर्माण भी किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से इसी थीम पर मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय दल, सुरक्षा, स्वच्छता, दमकल, चल शौचालय तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों तथा धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में युवाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *