जयपुर में 90.12% मतदान

👁 0 Views

पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 90.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिले में कुल 3,74,816 मतदाताओं में से 3,37,795 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उन्होंने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्रवार प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार चाकसू में 90.17 प्रतिशत, कोटखावदा में 86.70 प्रतिशत, माधोराजपुरा में 91.48 प्रतिशत, फागी में 89.91 प्रतिशत तथा सांगानेर में 91.90 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें सांगानेर पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 91.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कोटखावदा में सबसे कम 86.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के समयवार आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 10 बजे तक 22.45 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 48.97 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 66.50 प्रतिशत तथा सायं 6 बजे तक 87.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 90.12 प्रतिशत मतदान हुआ।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *