आगामी 7 फरवरी को आयोजित होने वाली ‘अलवर टाइगर मैराथन’ के तीसरे संस्करण का उद्घोष कार्यक्रम शुक्रवार को अलवर स्थित मूसी महारानी की छतरी परिसर में आयोजित किया गया। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं मैराथन के ब्रांड एंबेसडर तथा अभिनेता रणदीप हुड्डा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में मैराथन के आधिकारिक शुभंकर ‘सरिस्का वीर’ का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘सरिस्का वीर’ शुभंकर का अनावरण रहा। इसके माध्यम से बाघ संरक्षण, वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर सरिस्का वीर ने केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं अभिनेता रणदीप हुड्डा को अलवर टाइगर मैराथन-2027 की आधिकारिक टी-शर्ट भेंट की। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से टी-शर्ट का अनावरण किया तथा फोटो सेशन में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पर्यटन विभाग एवं वी-शक्ति ट्रस्ट के मध्य अलवर टाइगर मैराथन के आयोजन को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से अतिरिक्त निदेशक राजेश शर्मा तथा वी-शक्ति ट्रस्ट की ओर से प्रज्ञा यादव ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर मुंबई हमले के दौरान अदम्य साहस का परिचय देने वाले अलवर निवासी कमांडो सुनील जोधा एवं अजमेर निवासी अल्ट्रा रनर सुफिया सोफी को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
फिटनेस, प्रकृति संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगी मैराथन : भूपेन्द्र यादव
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आमजन को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अलवर टाइगर मैराथन बाघ एवं प्रकृति संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। यह आयोजन खेल के माध्यम से स्वस्थ नागरिक, सुरक्षित प्रकृति और सशक्त समाज का संदेश दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मैराथन का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाते हुए देशवासियों को फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि अलवर टाइगर मैराथन की परिकल्पना केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य फिटनेस को जन आंदोलन बनाना, बाघों एवं वनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अलवर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक संपदा को वैश्विक पहचान दिलाना है।
उन्होंने सरिस्का टाइगर रिजर्व के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र बाबा भर्तृहरि की तपोस्थली होने के साथ-साथ सिद्धपीठ हनुमानजी, करणी माता, नारायणी माता एवं नीलकंठ महादेव की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार बाघों का पुनर्स्थापन सरिस्का टाइगर रिजर्व में किया गया था।
अलवर की संस्कृति और विरासत को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान : रणदीप हुड्डा
मैराथन के ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा ने बाघ संरक्षण एवं फिटनेस को समर्पित इस आयोजन से जुड़ने का अवसर देने के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन को केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक व्यापक विचार और जन अभियान बताया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस मैराथन के आयोजन से अलवर की संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, खान-पान, वेशभूषा और स्थानीय बोली को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। एनसीआर के एकमात्र टाइगर रिजर्व के रूप में सरिस्का के साथ अलवर का गौरवशाली इतिहास भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव एवं मैराथन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया अभियान को युवाओं से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने आमजन से मैराथन के तीसरे संस्करण में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
पिछले आयोजन की तुलना में इस बार अधिक सहभागिता का लक्ष्य
अलवर टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया कि पिछले दो आयोजनों में मैराथन को उल्लेखनीय लोकप्रियता मिली है। प्रथम संस्करण में 7 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे संस्करण में यह संख्या बढ़कर लगभग 20 हजार तक पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि तीसरे संस्करण में इस सहभागिता को और व्यापक बनाने तथा आमजन, संस्थाओं एवं विभिन्न संगठनों को आयोजन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार मैराथन का रूट अलवर शहर के भीतर प्रस्तावित किया गया है, जिससे शहरवासी भी सीधे तौर पर इस आयोजन का हिस्सा बन सकेंगे।
प्रतिभागियों की सुविधा एवं विभिन्न आयु वर्गों की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए मैराथन में चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर शक्ति रन तथा 2 किलोमीटर पैरा रन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मैराथन के लिए पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ 18 अक्टूबर को किया जा चुका है। व्यक्तिगत पंजीकरण के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों एवं समूहों की सामूहिक भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आयोजन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सेना, पुलिस, वन विभाग के कार्मिकों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, रनिंग ग्रुप्स, खेल संघों एवं व्यापारिक संगठनों से संपर्क कर उन्हें इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में युवा रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, केंद्रीय सहकारी बैंक एवं क्रय-विक्रय समिति के अध्यक्ष संजय नरूका, अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक जयराम जाटव, एनटीसीए के संजय पाठक एवं लक्ष्मीनारायण गुप्ता सहित विभिन्न गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा पैरामिलिट्री बलों, एसएसबी, आईटीबीपी एवं सीआईएसएफ के अधिकारी, विभिन्न संस्थाओं एवं उद्योग संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और आमजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
