राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पंचायत चुनाव की तैयारियां जांचीं

👁 1 Views

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के मतदान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने रविवार को जिले के मामचारी, अतैवा, राजौर एवं कैलादेवी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अक्षय गोदारा तथा पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, बिजली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई, छाया तथा दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए रैंप और व्हीलचेयर की उपलब्धता की जांच की।

उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के दिन किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं के प्रति संवेदनशीलता और सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतदान केंद्रों पर की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं, मतदान दलों की रवानगी, मतदान सामग्री वितरण और सेक्टर अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार किए गए सुरक्षा प्लान से अवगत कराया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास मार्ग सुगम रखने, भीड़ नियंत्रण तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही जिले में संचालित स्वीप (SVEEP) गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणामस्वरूप जिले के मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम राकेश कुमार रावत, एडीपीआर धर्मेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, निर्वाचन कार्मिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *