विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर आने वाले समय में विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। शहर की तीन झीलें, लैपर्ड सफारी, ऐतिहासिक तारागढ़ और विकसित किए जा रहे नए पर्यटन स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। आने वाले समय में पर्यटकों को अजमेर घूमने के लिए कम से कम दो दिन का समय निकालना होगा।
रविवार को आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और आईटी सहित प्रत्येक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य अजमेर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शहर में 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से अधिकांश कार्य इसी वर्ष पूरे होने की उम्मीद है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
सड़क और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार
देवनानी ने बताया कि अजमेर में करीब 177 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 107 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं और 42 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। रिंग रोड की दिशा में 32 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए अमृत योजना के तहत करीब 270 करोड़ रुपये की योजना के टेंडर हो चुके हैं। वहीं, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 78 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 28 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा को मिलेगी नई सौगात
उन्होंने बताया कि शहर में 240 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। कोटड़ा में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सैटेलाइट अस्पताल भी बनाया जा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। यहां पहले वर्ष 200 बालिकाओं को प्रवेश मिलेगा और उन्हें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खेल और विज्ञान के क्षेत्र में होंगे नए विकास कार्य
माकड़वाली में 12 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्टेडियम बनाया जा रहा है। वहीं, 28 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण हो रहा है, जिसमें 1400 से अधिक लोगों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट और आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस विकसित किए जाएंगे।
पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से साइंस पार्क बनाया जा रहा है। इसमें ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम, एग्जीबिशन हॉल और सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी।
तारागढ़ और लैपर्ड सफारी बनेंगे प्रमुख पर्यटन केंद्र
देवनानी ने बताया कि ऐतिहासिक तारागढ़ को संरक्षित कर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। यहां म्यूजियम, चौहान सम्राटों की आदमकद प्रतिमाएं, गार्डन, पार्किंग और कैफे विकसित करने की योजना है।
लैपर्ड सफारी को भी प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा घाटी क्षेत्र में सनसेट पॉइंट और सेल्फी पॉइंट बनाए जा रहे हैं। सूरजपोल स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अस्तबल क्षेत्र को भी व्यू पॉइंट के रूप में विकसित किया जाएगा।
तीन झीलों के विकास से बढ़ेगा पर्यटन
उन्होंने बताया कि वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के तहत भगवान वरुण की 17 फीट ऊंची और करीब तीन टन वजनी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका लोकार्पण अगले माह प्रस्तावित है।
आनासागर, वरुण सागर और चौरसियावास झीलों का विकास अजमेर को झीलों की नगरी के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जयपुर रोड पर बनेगा भव्य प्रवेश द्वार
देवनानी ने बताया कि 8.50 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रोड पर भव्य प्रवेश द्वार और सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर तीर्थराज पुष्कर, भगवान झूलेलाल, सम्राट अजय राज, सम्राट पृथ्वीराज चौहान और स्वामी दयानंद की प्रतिमाएं अंकित होंगी।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से अजमेर की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से शहर को विकसित एवं आकर्षक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से विकास यात्रा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
