जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत सोमवार को बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, मतदान दलों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों से संवाद कर मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान करने पहुंचे मतदाताओं से भी बातचीत की और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मतदाताओं की निर्भीक और उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं के गठन में प्रत्येक मत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
संदेश नायक ने चतुर्थ चरण के मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने में सहयोग देने वाले आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिसकर्मियों और अन्य कार्मिकों के समन्वित प्रयासों की भी सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद किया।
