राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय की ओर से आमजन की सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों में वैधानिक सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को दो माह के विशेष राज्यव्यापी अभियान ‘रालसा फॉर रोड सेफ्टी कैंपेन’ का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 जनवरी तक संचालित किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय की सचिव श्रीमती पल्लवी शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मोबाइल मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिरोहीवाल, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने जयपुर महानगर द्वितीय क्षेत्र के 14 नंबर रोड पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्लीपर कोच, लग्जरी यात्री बसों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में संचालित सिटी बसों और मिनी बसों का विशेष निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने वाहनों के वैधानिक दस्तावेजों और फिटनेस प्रमाण पत्रों, परमिट, बीमा तथा प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाण पत्रों की जांच की। इसके अलावा बसों में सुरक्षा उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसमें अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकास द्वार की सुगमता और अनधिकृत ढांचागत बदलावों की जांच शामिल रही।
सिटी बसों और मिनी बसों में स्पीड गवर्नर की उपलब्धता तथा उनके सुचारू रूप से कार्य करने का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में शिकायत पेटी की उपलब्धता भी जांची गई। साथ ही सभी बसों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 9928900900 हिंदी एवं अंग्रेजी संदेश के साथ प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिन वाहनों में गंभीर सुरक्षा खामियां या वैधानिक दस्तावेजों से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं, उनके विरुद्ध परिवहन एवं पुलिस विभाग की ओर से नियमानुसार चालान और जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं, जिन बसों में शिकायत पेटी या हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित नहीं था, उनके संचालकों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रीमती पल्लवी शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सभी बस ऑपरेटरों और वाहन चालकों से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी वैधानिक मानकों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि बस संचालन, चालक-परिचालक के व्यवहार या सुरक्षा मानकों से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 9928900900 पर संपर्क करें।
