लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के साझा लोकतांत्रिक मूल्य द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने का मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं, स्थिर नीतियां, स्वतंत्र न्यायपालिका और निरंतर संवाद निवेशकों का विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री बिरला ने कहा कि भारत और अमेरिका विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था विविध विचारों और हितधारकों को नीतिगत निर्णयों में भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। व्यक्तिगत स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कानून के समक्ष समानता और स्वतंत्र न्यायपालिका भारतीय लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभ हैं।
उन्होंने 1968 में स्थापित इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स की दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संबंधों के विस्तार, तकनीकी साझेदारी और रोजगार सृजन में इस संस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग पर जोर देते हुए श्री बिरला ने उद्योग जगत से विश्वविद्यालयों, आईआईटी, आईआईआईटी और अन्य तकनीकी संस्थानों के साथ मिलकर अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी साझेदारियां भारत को नई तकनीकों के विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी भूमिका निभाने में मदद करेंगी।
फार्मास्युटिकल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चिकित्सा प्रौद्योगिकी और रक्षा विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत की बढ़ती क्षमताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने संयुक्त अनुसंधान और तकनीकी सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी, बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और एमएसएमई क्षेत्र भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी को नई दिशा दे सकते हैं।
ऊर्जा सहयोग पर उन्होंने स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि उद्योग, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के बीच सहयोग ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार को गति दे सकता है।
श्री बिरला ने वैश्विक शांति, स्थिरता और पारस्परिक विश्वास को आर्थिक विकास के लिए आवश्यक बताते हुए ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत साझेदारी से व्यापार, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर सृजित होंगे तथा साझा समृद्धि एवं मानव कल्याण को बढ़ावा मिलेगा।
