पीएम मोदी करेंगे पहले एससीओ सभ्यतागत फोरम का उद्घाटन

👁 1 Views

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 20 नवंबर, 2026 को सायं लगभग 5:30 बजे नई दिल्ली स्थित पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

20 से 22 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले इस फोरम का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करना, जन-संपर्क को मजबूत करना तथा अंतर-सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।

यह पहल वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा एससीओ के अंतर्गत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच स्थापित करने के प्रस्ताव पर आधारित है। इस प्रस्ताव का बाद में एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी स्वागत किया गया था।

उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ शीर्षक से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन का समन्वय होगा। ‘वसुधैव कुटुम्बकम् – विश्व एक परिवार है’ विषय पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित करेगी।

फोरम के दौरान भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को दर्शाने वाली ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक से प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास की झलक प्रस्तुत की जाएगी। प्रदर्शनी में उत्खनन से प्राप्त अवशेषों, पुरावशेषों, वास्तुशिल्पीय अवशेषों और अन्य महत्वपूर्ण खोजों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत: 18वीं शताब्दी की एक दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ के अंतर्गत चित्रों से सुसज्जित एक हस्तलिखित पट्टिका प्रदर्शित की जाएगी, जो भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाएगी।

21 और 22 नवंबर को फोरम के अंतर्गत चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्वान, शिक्षाविद्, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इन सत्रों में संगीत एवं प्रदर्शन कलाओं, वस्त्रों, खान-पान और पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों; कला एवं वास्तुकला की साझा परंपराओं; लिपियों, पांडुलिपियों, भाषा एवं साहित्यिक परंपराओं; तथा मठवासी मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

यह फोरम एससीओ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने, साझा विरासत को समझने और सभ्यताओं के बीच संवाद एवं सहयोग को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *