सुरक्षित बचपन अभियान: जयपुर में 79 शिक्षकों को प्रशिक्षण

👁 1 Views

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के तत्वावधान में संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत विद्यालय स्तर पर बाल सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की ओर से शुक्रवार, 20 नवंबर को एडीआर सेंटर, जयपुर में चयनित सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों के लिए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की सचिव श्रीमती पल्लवी शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत चयनित लगभग 50 सरकारी एवं निजी विद्यालयों से नामित कुल 79 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें यथासंभव प्रत्येक विद्यालय से एक पुरुष और एक महिला शिक्षक को शामिल किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता और विधिक साक्षरता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिसोर्स पर्सन के रूप में कार्य करेंगे।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा संवेदनशील मामलों की समयबद्ध निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए सक्षम बनाना है।

पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों पर दी जानकारी

प्रशिक्षण सत्र में मुख्य वक्ता विशिष्ट न्यायाधीश, पॉक्सो एक्ट, जयपुर महानगर-द्वितीय श्री विकास कुमार खंडेलवाल ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण और बाल-मित्रवत न्यायिक सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के बाल दुर्व्यवहार की स्थिति में बच्चे की पहचान और निजता की गोपनीयता बनाए रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है।

बाल संरक्षण और मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विशेष चर्चा

बाल कल्याण समिति की कार्यवाहक अध्यक्ष सुश्री शांति भटनागर ने संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) की भूमिका समझाई। उन्होंने संदिग्ध या गंभीर मामलों में पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।

बाल परामर्शदाता डॉ. पूनम गर्ग ने बच्चों के साथ आयु के अनुरूप संवाद, व्यक्तिगत एवं शारीरिक सुरक्षा, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित करने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।

साइबर ग्रूमिंग और सेक्सटॉर्शन जैसे खतरों से बचाव पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, तकनीक से उत्पन्न जोखिमों और सेक्सटॉर्शन जैसे गंभीर खतरों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उपायों पर भी विशेष चर्चा की गई। शिक्षकों को बच्चों में जागरूकता बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों की समय पर पहचान कर उचित प्राधिकरण को सूचना देने के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में जयपुर महानगर-द्वितीय के चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) श्री जनार्दन कुमार आत्रेय, डिप्टी LADC श्री अमित कुमार जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शालू सरोज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय ने किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालयों में बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शिक्षकों को सक्षम बनाने और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *