पशुपालन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

👁 1 Views

मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय में पशुपालन विभाग की केन्द्र प्रवर्तित योजना ‘राष्ट्रीय पशुधन मिशन’ (National Livestock Mission) के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के विभिन्न घटकों, वित्तीय प्रगति, पशुपालन उद्यमिता विकास कार्यक्रम, बकरी सीमेन प्रयोगशाला की स्थापना, पशुपालकों के प्रशिक्षण, चारा बीज उत्पादन तथा अनुसंधान परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का प्रभावी एवं बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक पशुपालकों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने पशुपालन क्षेत्र में रोजगार, उद्यमिता एवं उत्पादन वृद्धि को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन का मुख्य उद्देश्य पशुधन एवं कुक्कुट क्षेत्र में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, नस्ल सुधार को बढ़ावा देना, गुणवत्तापूर्ण चारा एवं चारा बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा अनुसंधान, नवाचार एवं पशुधन बीमा को प्रोत्साहन देना है।

पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री विकास सीतारामजी भाले ने बताया कि योजना के अंतर्गत बकरी, भेड़, सूकर एवं कुक्कुट पालन के साथ-साथ चारा उद्यमों की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पशुधन उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

राष्ट्रीय पशुधन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुपालन क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *