अजमेर में ₹20 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ

👁 0 Views

अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को प्रगति नगर, कोटड़ा स्थित पिंक गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक कोष से वार्ड संख्या 1 एवं 2 में कुल 20 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

श्री देवनानी ने वार्ड संख्या 1 के आजाद नगर, कोटड़ा में गली के मकान संख्या 34 से 43 एवं 66 से 75 तक 5 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 2 के प्रगति नगर, ए ब्लॉक में पिंक गार्डन के पास 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण तथा फ्लोरेंस रेजीडेंसी से राजकीय विद्यालय तक 10 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की। सड़क निर्माण का कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करवाया जाएगा।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें न केवल आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाती हैं, बल्कि व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान बनाती हैं।

उन्होंने बताया कि अजमेर शहर में अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनमें से अधिकांश के इसी वर्ष पूर्ण होने की उम्मीद है। अजमेर के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रमुख मार्गों और प्रवेश मार्गों पर सौंदर्यीकरण, हरित विकास तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शहर को रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार का कार्य भी प्रगति पर है।

श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्र में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। हाथीखेड़ा में बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही वरुणसागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार के लिए करोड़ों रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। इन कार्यों से आनासागर के साथ-साथ अन्य जलाशयों पर भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि तारागढ़ के विकास के लिए ऐतिहासिक संरचनाओं एवं धरोहरों का संरक्षण करते हुए इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *