केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था वर्तमान के 9 अरब डॉलर से बढ़कर एक दशक से पहले 40-45 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। निजी क्षेत्र और स्टार्टअप इस विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने बताया कि भारत का अंतरिक्ष इकोसिस्टम अब लगभग 400-500 कंपनियों तक पहुंच गया है। सरकार के नीतिगत सुधारों, निजी निवेश और तकनीकी नवाचार से अंतरिक्ष क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का उपयोग केवल रॉकेट और उपग्रहों तक सीमित नहीं है, बल्कि अवसंरचना, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने निजी कंपनियों से निवेश और अनुसंधान को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी जरूरी है। भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र आने वाले वर्षों में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखता है।
