केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के बूह हवेलियां गांव में किसान चौपाल आयोजित कर किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पराली जलाने से बचने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने वाले किसानों एवं पंचायतों की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों की सेवा ही उनके लिए सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने पंजाब के किसानों के हरित क्रांति में योगदान को याद करते हुए मिट्टी की उर्वरता बचाने और रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने पराली प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर और डायरेक्ट सीडिंग जैसी तकनीकों को अपनाने की अपील की। साथ ही कृषि मशीनों की गुणवत्ता और मरम्मत व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पंजाब सरकार को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने फसल विविधीकरण, पशुपालन, मछली पालन और एकीकृत खेती को भी बढ़ावा देने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार धान, गेहूं, दलहन और कपास की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए प्रतिबद्ध है।
