‘विकास और विरासत’ थीम पर सजा राजस्थान पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक आगंतुकों ने किया अवलोकन
लगातार दूसरे वर्ष पार्टनर स्टेट के रूप में राजस्थान की सहभागिता, 44 स्टॉल और 7 लाइव डेमो के माध्यम से प्रदर्शित हुई प्रदेश की कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की विविधता
नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में राजस्थान ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और आकर्षक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। मेले के समापन से एक दिन पूर्व आयोजित पुरस्कार समारोह में राजस्थान को पार्टनर स्टेट श्रेणी में ‘अवॉर्ड ऑफ ऑनरेबल पार्टिसिपेशन’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राजस्थान को फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान लगातार दूसरे वर्ष आईआईटीएफ में पार्टनर स्टेट के रूप में सहभागी रहा। इससे पहले 44वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भी राजस्थान पार्टनर स्टेट था। दोनों वर्षों में राजस्थान पवेलियन के लिए 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्र आवंटित किया गया था। पिछले वर्ष राजस्थान पवेलियन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड अवॉर्ड मिला था।
इस वर्ष भी राजस्थान पवेलियन ने अपनी विशिष्ट थीम, आकर्षक प्रस्तुतीकरण और बेहतर आयोजन व्यवस्थाओं के माध्यम से देश-विदेश से आए आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। पुरस्कार समारोह में इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक, कार्यकारी निदेशक एवं ओएसडी सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
‘विकास और विरासत’ की थीम पर सजा राजस्थान पवेलियन
इस वर्ष राजस्थान पवेलियन को ‘विकास और विरासत’ की थीम पर तैयार किया गया था। इसमें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, हथकरघा, आभूषण, वस्त्र, फर्नीचर और स्थानीय उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
राजस्थान पवेलियन के निदेशक श्री हर्ष शर्मा ने बताया कि पवेलियन में कुल 44 स्टॉल स्थापित किए गए थे। इनके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिला।
इसके अतिरिक्त 7 लाइव डेमो के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक शिल्पकलाओं और कारीगरी का सजीव प्रदर्शन किया गया। इन प्रस्तुतियों ने आगंतुकों को प्रदेश की पारंपरिक कला एवं शिल्प कौशल से रूबरू कराया और विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं।
ओडीओपी एक्सपीरियंस वॉल और जीआई टैग वॉल ने खींचा ध्यान
श्री हर्ष शर्मा ने बताया कि राजस्थान पवेलियन में स्थापित ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) एक्सपीरियंस वॉल के माध्यम से प्रदेश के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।
इस पहल के जरिए राजस्थान के विभिन्न जिलों के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कौशल और जिला-विशेष की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
वहीं, जीआई टैग वॉल के माध्यम से भौगोलिक संकेतक (Geographical Indication) प्राप्त राजस्थान के विशिष्ट उत्पादों और पारंपरिक शिल्पों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और विकास संबंधी उपलब्धियों को भी पवेलियन में स्थान दिया गया।
चार लाख से अधिक आगंतुकों ने देखा राजस्थान पवेलियन
पवेलियन निदेशक श्री हर्ष शर्मा ने बताया कि आईआईटीएफ-2026 के दौरान राजस्थान पवेलियन को देशभर के आगंतुकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विदेशी प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों से आए विशिष्ट अतिथियों का व्यापक प्रतिसाद मिला। 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक लोग राजस्थान पवेलियन का अवलोकन कर चुके थे।
उन्होंने बताया कि राजस्थान के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लाइव डेमो और आकर्षक डिस्प्ले के प्रति आगंतुकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पवेलियन में प्रदर्शित उत्पादों को लेकर लोगों ने गहरी रुचि दिखाई। साथ ही, राजस्थान की पारंपरिक मेहमाननवाजी की भी सराहना की।
प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को मिली राष्ट्रीय पहचान
आईआईटीएफ-2026 में राजस्थान पवेलियन को प्राप्त उत्कृष्ट सहभागिता सम्मान और फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान, स्थानीय उत्पादों और प्रभावी आयोजन प्रबंधन को मिली राष्ट्रीय स्तर की सराहना का प्रतीक है।
इस उपलब्धि में राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम (RAJSICO), आयोजन एवं व्यवस्थापन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ प्रतिभागी उद्यमियों, कारीगरों तथा स्टॉल संचालकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आईआईटीएफ-2026 में राजस्थान की सहभागिता ने प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, खानपान और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के साथ ही राज्य के उद्यमियों और कारीगरों को नए बाजारों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।
