उदयपुर। श्री लोढ़ा साहू समाज पंच महासभा (छः बैठकों) द्वारा पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर तेजा चौक स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन पंडित अनन्तराम शास्त्री ने दान, धर्म और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। कथा में भगवान श्रीकृष्ण के 16,108 विवाहों तथा भक्तों के कल्याण से जुड़े प्रसंगों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कथा समापन पर भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। महासभा पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आगामी 15 जून को खाटूश्याम संध्या तथा 16 जून को महाआरती के आयोजन की घोषणा भी की गई। समाजजनों ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
