9 सितंबर
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में युवाओं के पंजीकरण की स्थिति, यूथ आइकॉन की आउटरीच तथा अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। माय भारत के राज्य निदेशक श्री देवेंद्र व्यास ने बताया कि VBYLD के प्रथम चरण के तहत माय भारत पोर्टल पर क्विज आयोजित की जा रही है। अब तक राजस्थान के करीब 60 हजार युवा क्विज में भाग ले चुके हैं और इस मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर है।
क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। VBYLD के तहत कुल 6 ट्रैक आयोजित किए जाएंगे। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी आगामी 10 से 12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसकी प्रगति को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने उन जिलों के जिला कलेक्टरों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए, जहां अब तक क्विज के निर्धारित लक्ष्य का 15 प्रतिशत से भी कम हासिल किया गया है। बैठक में VBYLD का पोस्टर राज्य स्तर पर लॉन्च किया गया। साथ ही, सभी विभागों को क्विज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने यूथ आइकॉन की आउटरीच को व्यापक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने यूथ आइकॉन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने बताया कि MY Bharat पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए विभिन्न अभियानों का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में अब तक कुल 22,59,929 युवाओं का पंजीकरण हो चुका है, जो देशभर में हुए कुल पंजीकरण का 8.25 प्रतिशत है।
बैठक में कौशल एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संदीप वर्मा, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
