11 सितम्बर
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी, उद्योग, खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, हवामहल विधायक श्री बालमुकुंदाचार्य सहित अन्य गणमान्य नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं सहित आम मतदाताओं ने मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत किया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने खंडेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, वैशाली नगर स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के पश्चात उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए फोटो खिंचवाई और रिव्यू वॉल पर अपना संदेश भी अंकित किया। उन्होंने शहर की सरकार चुनने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री संदेश नायक ने प्रातः ऋषिकुल विजय स्कूल, करधनी शॉपिंग सेंटर के पास, कक्ष संख्या-1 स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। इसके पश्चात उन्होंने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरंतर जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, कार्मिकों, अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत नगर निगम जयपुर में प्रातः 10 बजे तक 16.20 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.36 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 48.89 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक 62.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम रूप से कुल 63.55 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
वार्डवार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वार्ड 1 से 22 में 63.32 प्रतिशत, वार्ड 23 से 37 में 64.39 प्रतिशत, वार्ड 38 से 58 में 57.85 प्रतिशत, वार्ड 59 से 72 में 61.87 प्रतिशत, वार्ड 73 से 87 में 57.86 प्रतिशत, वार्ड 88 से 103 में 57.28 प्रतिशत, वार्ड 104 से 115 में 67.44 प्रतिशत, वार्ड 116 से 132 में 72.20 प्रतिशत, वार्ड 133 से 147 में 68.85 प्रतिशत तथा वार्ड 148 से 150 में 81.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
