- 76.32 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
- 587 में से 448 मतदाताओं ने डाले वोट
- 230 पुरुष और 218 महिला मतदाताओं ने किया मतदान
13 सितंबर
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 की भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर रविवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 11 सितंबर को उक्त मतदान केंद्र पर घटित घटना के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इससे चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता प्रभावित होने के मद्देनजर पूर्व में हुए मतदान को शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में रविवार को पुनर्मतदान कराया गया।
उन्होंने बताया कि पुनर्मतदान के दौरान कुल 587 मतदाताओं में से 448 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 230 पुरुष एवं 218 महिला मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार मतदान केंद्र पर 76.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
पुनर्मतदान प्रक्रिया के दौरान उपखंड अधिकारी सांगानेर विकास प्रजापत एवं तहसीलदार सांगानेर स्नेहदीप सहित संबंधित अधिकारियों ने सघन निगरानी रखते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया।
