पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को शासन सचिवालय में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) श्री अखिल अरोड़ा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में इस वर्ष कम बारिश के कारण जोधपुर संभाग में किसानों एवं पशुपालकों के सामने उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई।
कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि कमजोर मानसून एवं कम बारिश के चलते जोधपुर संभाग के कई जिलों में कृषि कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बालोतरा एवं जोधपुर जिलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है।
मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाने पर चर्चा करते हुए कहा कि गिरदावरी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जल्द से जल्द नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
पशुपालकों के लिए चारा डिपो खोलने पर जोर
फसलों के खराब होने से किसानों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न होने के साथ ही पशुओं के लिए चारे की कमी भी सामने आई है। श्री कुमावत ने बताया कि प्रभावित जिलों में चारे की भारी कमी है। उन्होंने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चारा डिपो खोलने की आवश्यकता जताई, ताकि पशुपालकों को आवश्यकतानुसार चारा उपलब्ध कराया जा सके और गोवंश सहित अन्य पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
पेयजल के पुख्ता एवं वैकल्पिक इंतजाम
कम बारिश का असर क्षेत्र के जलस्तर एवं पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है। मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में आमजन के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने एसीएस श्री अखिल अरोड़ा को स्थिति से अवगत कराते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल के पुख्ता एवं वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने के संबंध में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की।
