अजमेर में सड़कों के काम शुरू

👁 0 Views

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को माकड़वाली और लोहागल गांवों में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर के साथ-साथ ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहरों की तर्ज पर गांवों को भी विकसित किया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ मजबूत किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम माकड़वाली में महादेव जी के मकान से रेलवे पुलिया तक 16 लाख रुपये तथा गोपाल गुर्जर की दुकान से कुम्हार मोहल्ला तक 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शुभारंभ किया। इसी प्रकार लोहागल के कुम्हार मोहल्ले में लाछी बाई के मकान से गिरधारी लाल जी के मकान तक 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भी शुभारंभ किया गया। इन तीनों सड़कों का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।

श्री देवनानी ने कहा कि माकड़वाली आने वाले समय में जिले के प्रमुख आईटी एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। यहां 80 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक आईटी पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके समीप 114 बीघा भूमि पर वृहद इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि माकड़वाली और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए नौसर से माकड़वाली होते हुए पुष्कर हाईवे तक नया मार्ग विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 24 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले माह ही माकड़वाली क्षेत्र में नवसृजित पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसे जयपुर के राजस्थान कन्वेंशन सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। कन्वेंशन सेंटर में 1,400 से अधिक व्यक्तियों की बैठक क्षमता वाला अत्याधुनिक सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट, आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि लोहागल क्षेत्र में अब तक करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे तथा स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे तक नई सड़क विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गांव, ढाणी और मोहल्ला स्तर तक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। बेहतर सड़क, स्वच्छता, कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *