‘ऑक्टेव-2026’ पेंटर्स कैंप शुरू

👁 1 Views

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने कहा कि ‘ऑक्टेव-2026’ के आयोजन का उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत की लोक कला और संस्कृति से देश के अन्य प्रदेशों के लोगों को परिचित कराना है।

डॉ. दलवी ने केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) के सहयोग से 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘ऑक्टेव-2026’ के तहत सोमवार को आरआईसी के लोअर ग्राउंड एग्जीबिशन हॉल नंबर-3 में शुरू हुए सात दिवसीय पेंटर्स कैंप का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कैंप में शामिल चित्रकारों का आह्वान किया कि वे अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत की कला और संस्कृति की छटा राजस्थान, विशेषकर जयपुर के कला प्रेमियों तक पहुंचाने का प्रयास करें। उन्होंने बताया कि इस शिविर में तैयार की गई पेंटिंग्स के साथ-साथ पूर्व में प्रतिभागी चित्रकारों द्वारा बनाई गई कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

डॉ. दलवी ने ‘ऑक्टेव-2026’ के आयोजन में आरआईसी और राष्ट्रीय ललित कला अकादमी से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के पूर्व निदेशक फुरकान खान ने पेंटिंग कैंप और पेंटिंग्स प्रदर्शनी आयोजित करने के डॉ. दलवी के निर्णय की सराहना की और ‘ऑक्टेव’ आयोजन के संबंध में जानकारी साझा की। कार्यक्रम को आरआईसी की डिप्टी सेक्रेटरी अनुपमा गोयल और भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अजय गुप्ता ने भी संबोधित किया।

आठ राज्यों के चित्रकार ले रहे भाग

सात दिवसीय पेंटर्स कैंप में पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के चित्रकार भाग ले रहे हैं। त्रिपुरा से अभिजीत भट्टाचार्य और निशान कुरी, असम से कौशिक कुंडू और प्रियम तालुकदार, मेघालय से बनियार्जिंगमुत जी.एल. मावफलंग और ए. इमोजेन फ्रांसेस्का वाहलांग, अरुणाचल प्रदेश से मारबा कामकी और एजुम रीबा, मिजोरम से वी. लालजाव्मकिया तथा मणिपुर से राहुलदेव सीरम शामिल हैं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *