राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर द्वितीय की ओर से नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर पुलिस चौकी एवं आमेर में श्रम कार्ड एवं आधार रजिस्ट्रेशन कैम्प आयोजित किए गए।
कैम्प का उद्घाटन श्रीमती पल्लवी शर्मा, सचिव (अतिरिक्त जिला न्यायाधीश), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर द्वितीय, श्री धर्मवीर सिंह रूलानिया, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-8, जयपुर महानगर द्वितीय तथा श्री वैभव सोनी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-9, जयपुर महानगर द्वितीय ने संयुक्त रूप से किया।
कैम्प में श्रम विभाग की ओर से श्रम निरीक्षक श्री अनुपम गौतम, सीएससी विभाग से जिला समन्वयक श्री कन्हैया योगी तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रतिनिधियों ने सहयोग किया। ट्रेड यूनियन से श्री ओमप्रकाश एवं एक्शन एड एनजीओ से श्री मूलचंद का भी विशेष सहयोग रहा।
कैम्प के दौरान सीएससी के माध्यम से 82 ई-श्रम कार्ड का रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि श्रम विभाग को 50 श्रमिक कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त हुए। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 56 लोगों के आधार कार्ड में संशोधन एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
श्रीमती पल्लवी शर्मा ने बताया कि कैम्प में ऐसे लोगों को भी लाभान्वित किया गया, जो दिव्यांगता अथवा बीमारी के कारण अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं करा पा रहे थे। ऐसे लोगों को मौके पर ही आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि कैम्प में आए कुल 216 लोगों को नालसा एवं रालसा द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
