कॉनफेड ने कमाया 1,663 लाख का शुद्ध लाभ

👁 0 Views

राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (कॉनफेड) की 41वीं वार्षिक साधारण सभा बुधवार को सहकार भवन में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता कॉनफेड प्रशासक एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने की।

वार्षिक आमसभा में डॉ. समित शर्मा ने कॉनफेड की वित्तीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कॉनफेड ने 94,667.39 लाख रुपये का कुल व्यवसाय किया तथा संस्था ने 1,663 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।

बैठक में कॉनफेड की कार्यप्रणाली, वित्तीय स्थिति, व्यावसायिक गतिविधियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को संस्था की गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आरजीएचएस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

वार्षिक साधारण सभा में सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मेडिकल व्यवसाय से संबंधित विभिन्न समस्याएं भी उठाईं। सदस्यों ने आरजीएचएस योजना के तहत करीब 265 करोड़ रुपये की बकाया राशि के भुगतान, प्रशासनिक प्रभार को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने तथा टीपीए द्वारा लगाए जाने वाले आक्षेपों के कारण भुगतान में हो रही देरी और उससे बढ़ते वित्तीय भार का मुद्दा उठाया।

सदस्यों ने बताया कि भुगतान में देरी और बढ़ते वित्तीय भार के कारण सहकारी भंडारों के समक्ष गंभीर वित्तीय कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। इस पर प्रशासक ने बैठक में उपस्थित वित्त विभाग एवं आरजीएचएस विभाग के अधिकारियों को संबंधित विषयों की समीक्षा कर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयों और श्री अन्न को बढ़ावा देने पर जोर

वार्षिक साधारण सभा में सदस्यों ने कॉनफेड की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के संबंध में विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए।

आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के विस्तार, घर बैठे दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए ई-सहकारी फार्मेसी शुरू करने तथा श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए मिलेट आउटलेट्स की संख्या बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव सभा में प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

सभा में कॉनफेड की आगामी कार्ययोजनाओं एवं व्यावसायिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

वार्षिक साधारण सभा में वित्त विभाग के संयुक्त शासन सचिव (व्यय), आरजीएचएस विभाग के अधिकारी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार द्वितीय, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग) एवं प्रबंध संचालक, कॉनफेड सहित संबंधित अधिकारी तथा सदस्य संस्थाओं के अध्यक्ष एवं प्रशासक उपस्थित रहे।

अंत में प्रबंध संचालक, कॉनफेड ने सभा में उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही वार्षिक साधारण सभा का सधन्यवाद समापन हुआ।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *