अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 70 लाख की खेप जब्त

👁 0 Views

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी निरोधक टीम जोधपुर ने भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से फोर सेल इन चंडीगढ़ की अवैध अंग्रेजी मदिरा की खेप जब्त की। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉश एवं मदिरा भट्टियों को नष्ट करने के साथ अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

जोधपुर में ट्रक से अंग्रेजी मदिरा की बड़ी खेप जब्त

आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार आबकारी टीम जोधपुर ने मुखबिर से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक में अन्य राज्य की फोर सेल इन चंडीगढ़ अंग्रेजी मदिरा की बड़ी खेप बरामद हुई।

ट्रक से ऑल सीजन व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की एवं चार्ली व्हिस्की ब्रांड के कुल 750 कार्टन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जोन जोधपुर, सीमा कविया के मार्गदर्शन में तथा उपायुक्त ईपीएफ अरविंद प्रताप सिंह, आबकारी अधिकारी प्रवीण कुमार और आबकारी निरीक्षक किशोर सुथार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा एवं सिपाही मनोज ढाका ने विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराने सहित महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रदेशभर में अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई

प्रदेश में आबकारी निरोधक दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में वॉश नष्ट की गई और अवैध मदिरा जब्त की गई।

  • चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं: 1,000 लीटर वॉश नष्ट की गई तथा 78 बोतल हथकड़ शराब और 23 पव्वे देशी मदिरा जब्त किए गए।
  • कोटा: 87 बोतल बीयर, 31 पिंट बीयर तथा विभिन्न ब्रांड की 31 बोतल व्हिस्की जब्त कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
  • केकड़ी: 300 लीटर वॉश सहित दो भट्टियां नष्ट की गईं तथा 60 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
  • सिरोही: 20 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।
  • रेवदर: 20 पव्वे देशी मदिरा जब्त की गई।
  • आबूरोड़: 500 लीटर वॉश एवं एक भट्टी नष्ट की गई। साथ ही 96 पव्वे देशी मदिरा, 24 बोतल बीयर एवं 40 पव्वे अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई।
  • बारां: शाहबाद उपखंड में 2,100 लीटर वॉश नष्ट कर 40 लीटर हथकड़ मदिरा बरामद की गई तथा प्रकरण दर्ज किए गए।
  • टोंक: मालपुरा सर्कल में 500 लीटर और देवली में 400 लीटर वॉश नष्ट की गई। इसके साथ ही ढाबों एवं होटलों पर सघन जांच की गई।
  • भरतपुर, डीग एवं कुम्हेर: संयुक्त कार्रवाई में 1,500 लीटर वॉश सहित छह भट्टियां नष्ट की गईं। अंग्रेजी मदिरा के 42 पव्वे और देशी मदिरा के 22 पव्वे जब्त कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
  • हनुमानगढ़: 6,000 लीटर वॉश सहित 10 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं।

एक करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की अंग्रेजी मदिरा जब्त

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 14 से 29 सितंबर 2026 तक प्रदेश में विभिन्न कार्रवाई के दौरान कुल 1,135 अभियोग दर्ज किए गए।

अभियान के दौरान 8 लाख 72 हजार 393 रुपये कीमत की 3,183 लीटर देशी मदिरा, 1 करोड़ 57 लाख 78 हजार 440 रुपये कीमत की 15,845 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा तथा 3 लाख 32 हजार 762 रुपये कीमत की 1,532 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 8,459 लीटर हथकड़ शराब एवं 1,20,350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई।

इसी क्रम में प्रदेशभर में 3,87,616 लीटर वॉश नष्ट की गई। अभियान के दौरान बड़े वाहन 5, चार पहिया वाहन 13 और दुपहिया वाहन 23 सहित कुल 41 वाहन जब्त किए गए। अवैध मदिरा से संबंधित मामलों में 503 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *