सूखे कुएं से 5 करोड़ रुपये की दवाइयों का जखीरा बरामद

👁 0 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खीवसर के निर्देशन में औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भरतपुर जिले की बयाना तहसील के खटनावाली गांव में एक सूखे कुएं से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की दवाइयों का जखीरा बरामद किया गया है।

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सहायक औषधि नियंत्रक, भरतपुर के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण अधिकारियों की टीम ने स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से कार्रवाई की। टीम ने सूखे कुएं से करीब 274 कार्टून दवाइयां बरामद कर नियमानुसार जब्त की हैं। बरामद दवाइयों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 5 करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि बरामद दवाइयों में मुख्य रूप से हृदय रोग, डायबिटीज और एलर्जी के उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयां शामिल हैं। इनमें लोसार-50, जानुमेट, केटोरोल-एम, एलेग्रा-एम और जालरा जैसी दवाइयां शामिल हैं।

निर्माता और सप्लाई चेन की होगी विस्तृत जांच

औषधि नियंत्रण आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयों को सूखे कुएं में छिपाकर रखना प्रथम दृष्टया गंभीर और संदिग्ध मामला प्रतीत होता है। बरामद दवाइयों की वास्तविकता, गुणवत्ता, बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, स्रोत तथा पूरी सप्लाई चेन की निर्माता स्तर से विस्तृत जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अवधि-पार दवाइयों को किसी निर्माता, डिपो या सीएंडएफ से अवैध रूप से निकालकर अथवा चोरी कर, उनकी अवधि-पार तिथि बदलकर दोबारा बाजार में बेचने के उद्देश्य से तो नहीं छिपाया गया था। इन सभी तथ्यों का सत्यापन जांच एवं प्रयोगशाला परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।

मौके पर औषधि नियंत्रण अधिकारी भरतपुर श्रीमती कोमुदी सिंह ने दवाइयों की गुणवत्ता जांच के लिए 10 नमूने लिए हैं। बरामद दवाइयों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।

आगरा में भी संबंधित दवाइयां जब्त, एफआईआर दर्ज

औषधि नियंत्रक श्री अजय फाटक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दवाइयों के निर्माता, सप्लाई चेन और संबंधित प्रतिष्ठानों के स्तर पर विस्तृत जांच की जा रही है। मामले की सूचना औषधि नियंत्रक, उत्तर प्रदेश, औषधि निरीक्षक, आगरा तथा संबंधित निर्माता कंपनियों के साथ साझा की गई है।

इसके बाद आगरा में भी संबंधित दवाइयां जब्त की गई हैं तथा थाना मलपुरा, आगरा में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा बरामद दवाइयों का निर्माता स्तर पर बैचवार सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही वितरण एवं सप्लाई से संबंधित अभिलेख भी प्राप्त किए जा रहे हैं। जांच में यदि दवाइयां नकली, मिलावटी, परिवर्तित अथवा अवैध रूप से बाजार में बेचने से संबंधित पाई जाती हैं, तो कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *