मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 17 से 29 सितम्बर 2026 तक प्रदेश के 41 जिलों में 696 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 30,782 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। रक्तदान शिविरों का आयोजन 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रदेश में आयोजित रक्तदान शिविरों में युवाओं सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि जयपुर में 180 शिविरों में 7,230 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसी प्रकार बीकानेर में 13 शिविरों में 2,538 यूनिट, जोधपुर में 42 शिविरों में 2,049 यूनिट, सीकर में 31 शिविरों में 1,591 यूनिट तथा झुंझुनूं में 51 शिविरों में 1,552 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।
उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में 23 शिविरों में 1,341 यूनिट, अलवर में 29 शिविरों में 1,211 यूनिट तथा उदयपुर में 20 शिविरों में 1,184 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
श्रीमती राठौड़ ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी समय किसी मरीज को पड़ सकती है। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने आमजन से रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश के 41 जिलों में 696 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। अजमेर, अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीग, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, डूंगरपुर, हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
1 अक्टूबर को रक्तदान दिवस पर भी होंगे शिविर
अभियान के तहत 1 अक्टूबर को रक्तदान दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशालय तथा जिला मुख्यालयों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने आमजन, युवाओं तथा स्वस्थ एवं पात्र लोगों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति आगे बढ़कर रक्तदान करें और जरूरतमंद मरीजों की मदद में अपना योगदान दें। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। रक्तदान कर इस जनसेवा अभियान का हिस्सा बनें।
