नारी शक्ति से सशक्त बनेगा राजस्थान: मुख्यमंत्री

👁 2 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न हिस्सा ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार हैं। महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सम्मान दिया गया है। यहां कहा भी गया है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का निवास होता है।

मुख्यमंत्री शनिवार को यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत में शक्ति, ज्ञान और समृद्धि की प्रतीक मां दुर्गा, मां सरस्वती और मां लक्ष्मी के रूप में नारी शक्ति की पूजा की जाती है। भारत का इतिहास महिलाओं के साहस, वीरता, त्याग और बलिदान की अनगिनत गाथाओं से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सफलता की कहानियों में संघर्ष, साहस, आत्मविश्वास और संकल्प की वह शक्ति दिखाई देती है, जो किसी भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है।

प्रेरणादायी महिला व्यक्तित्वों का किया स्मरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के कुशल प्रशासन, न्यायप्रियता एवं कल्याणकारी कार्यों का आज भी गुणगान किया जाता है। रानी लक्ष्मीबाई का साहस और मातृभूमि के लिए उनका बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। वहीं, सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा की ज्योति जलाई, जिसका प्रकाश आज देश के कोने-कोने को आलोकित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की अनेक महिलाओं ने त्याग, समर्पण, भक्ति और बलिदान की मिसाल कायम की है। भक्त शिरोमणि मीराबाई ने कृष्ण भक्ति और आध्यात्मिक साधना से राजस्थान की धरती को गौरवान्वित किया। पन्नाधाय ने अपने पुत्र का बलिदान देकर स्वामीभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा का दुर्लभ उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं, हाड़ी रानी ने मातृभूमि की रक्षा और अपने कर्तव्य के लिए अद्वितीय साहस एवं बलिदान का परिचय दिया। वीर बाला कालीबाई ने अपने गुरु की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर गुरु भक्ति की अमर गाथा लिखी। उन्होंने कहा कि अमृता देवी ने प्रकृति और वृक्षों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल कायम की।

महिला सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में माताएं, बहनें और बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं कौशल से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तीकरण की दिशा में नई सोच और संकल्प के साथ अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा मिल रही है, जबकि लखपति दीदी योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी महत्वपूर्ण पहल भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले पौने तीन वर्षों में महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली राशि 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 6,500 रुपये की गई है। मा वाउचर योजना के तहत सोनोग्राफी के लिए 5 लाख 74 हजार कूपन जारी किए जा चुके हैं। पात्र परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

बालिका शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 13 लाख 85 हजार साइकिलों का वितरण किया गया है। कालीबाई उच्च शिक्षा स्कूटी योजना एवं देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के तहत लगभग 46 हजार स्कूटियों का वितरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के तहत करीब 19 लाख पेंशनर्स को 8,866 करोड़ रुपये की पेंशन राशि दी जा चुकी है। वहीं, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत गरीब परिवारों में जन्म लेने वाली बालिकाओं के लिए 1.5 लाख रुपये का सेविंग बॉण्ड दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, शिशु पालना गृह कार्यकर्ताओं और साथिनों के मानदेय में पिछले तीन वर्षों में हर वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। राज्य की 1 करोड़ 22 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को हर माह 12 सैनेटरी नैपकिन निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत 26 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और करीब 20 लाख महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की प्रतिबद्धता, परिश्रम और सामूहिक शक्ति राजस्थान को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से समृद्ध राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं प्रदेश की महिलाओं में नया आत्मविश्वास पैदा कर उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

लाभार्थी महिलाओं से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न लाभार्थी महिलाओं से संवाद किया और सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। इससे पहले उन्होंने राजीविका की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा वहां प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों के बारे में जानकारी ली। संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री लाभार्थी महिलाओं के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीयता से बातचीत की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा एवं महेन्द्रपाल मीणा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों से भी महिलाएं कार्यक्रम से जुड़ीं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी तथा संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल भी वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।

लाभार्थियों को विभिन्न सौगातें

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 60 एम्बुलेंस, 9 आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर तथा 185 ऑटो टिपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने लखपति दीदियों को स्कूटी की चाबियां वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को मकानों की चाबियां सौंपीं तथा 27 हजार से अधिक लाभार्थियों को 150 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। वहीं, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत 29,222 लाभार्थियों को 8.79 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण एवं सहायता

मुख्यमंत्री ने राजस्थान महिला निधि के तहत मुख्यमंत्री लखपति दीदी ऋण योजना के अंतर्गत 3,274 लखपति दीदियों को 25 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए। वित्तीय समावेशन के तहत 2,823 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को 93 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए। उन्होंने एसएचजी से जुड़ी महिलाओं को इन लाभों से संबंधित प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *