मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा सोमवार, 5 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निगमों के नव निर्वाचित महापौर एवं उप महापौर तथा नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के सभापति एवं उप सभापतियों से संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित शहरी स्थानीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना के साथ-साथ शहरी आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संवाद कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘विकसित राजस्थान’ का विजन विकसित शहरों के माध्यम से ही साकार किया जा सकता है। राज्य सरकार शहरों को सुंदर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापक रोडमैप और 100 दिवसीय कार्ययोजना के माध्यम से शहरी स्थानीय निकायों को सशक्त एवं विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि शहरों में स्वच्छता, सड़कों, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, यातायात प्रबंधन और पार्कों जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से राज्य सरकार और शहरी स्थानीय निकायों के बीच समन्वित प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप इन प्रयासों से शहरी विकास को नई गति प्रदान की जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (यूडीएच) श्री आलोक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
