मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को शासन सचिवालय में ‘104 जननी एक्सप्रेस’ सेवा के संचालन एवं प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं, विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को आवश्यकता के समय अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। इसके लिए मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और जननी एक्सप्रेस के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक एम्बुलेंस के उपयोग का नियमित आकलन करने तथा मैदानी स्तर से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सेवा में सुधार की आवश्यकताओं की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर संचालन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि उपलब्ध एम्बुलेंस का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर परिवहन सुविधा मिल सके।
श्री श्रीनिवास ने अधिकारियों को कॉल सेंटर की पूरे दिन की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायता के लिए आने वाली कॉल से लेकर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कॉल रिकॉर्ड और मासिक रिपोर्ट को प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य निदेशक स्तर पर होने वाली समीक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और उन्हें समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
मुख्य सचिव ने एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन एवं प्रबंधन की समग्र समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी संचालन व्यवस्था के लिए खुली निविदा अथवा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के माध्यम से सेवा संचालित करने के विकल्पों पर भी चर्चा की गई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि प्रदेश में जननी एक्सप्रेस सेवा के तहत 600 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। जनवरी 2021 से 10 दिसंबर 2025 तक 18 लाख 86 हजार 48 लाभार्थियों ने इस सेवा का लाभ लिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सेवा का संचालन राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी के माध्यम से किया जा रहा है तथा जुलाई 2026 से सभी 600 एम्बुलेंस पूर्ण रूप से संचालित हैं।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री ए. राठौड़, वित्त विभाग के प्रतिनिधि, निदेशक जन स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अतिरिक्त मिशन निदेशक, निदेशक वित्त, परियोजना निदेशक, भंडार अधिकारी तथा राज्य नोडल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
