पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राजस्थान में 1 से 7 नवंबर तक BRICS Sustainable Lifestyle Week 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस सप्ताह के पांचवें दिन गुरुवार को ‘Say No to Single Use Plastic’ थीम के तहत प्रदेशभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को कपड़े एवं जूट के थैलों, स्टील तथा अन्य पुनः उपयोग योग्य बोतलों और प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा अपने आसपास स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
प्रदेशभर में आयोजित हुईं जागरूकता गतिविधियां
BRICS Sustainable Lifestyle Week के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में संबंधित विभागों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर टिकाऊ विकल्प अपनाने, प्लास्टिक कचरे को खुले में नहीं फेंकने तथा कचरे का उचित पृथक्करण और निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
6 नवंबर को राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम
BRICS Sustainable Lifestyle Week के छठे दिन 6 नवंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण और अधिकृत रिसाइक्लर्स के माध्यम से पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए आमजन, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं औद्योगिक इकाइयों को अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जिम्मेदार प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सतत जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प
पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। प्लास्टिक का कम उपयोग, ई-वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण, ऊर्जा एवं जल संरक्षण तथा संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास स्वच्छ, सुरक्षित और सतत भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
