अजमेर रोशनी से जगमगाया, देवनानी ने किया शुभारंभ

👁 0 Views

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर अजमेर शहर को रोशनी की सौगात दी। उन्होंने पुरानी चौपाटी पर नगर निगम की ओर से दीपावली के मद्देनजर कराई गई विशेष रोशनी एवं सजावट का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पुष्कर रोड पर अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से कराए गए हेरिटेज लाइटिंग कार्य का लोकार्पण भी किया।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर इस बार अजमेर शहर रोशनी से सराबोर नजर आएगा। आनासागर झील सवा लाख दीपों और आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से धनतेरस से राम-राम तक रोशनी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रमुख चौराहों पर आवश्यकता के अनुसार हाईमास्ट और मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। दीपावली पर की गई विशेष सजावट से शहर का सौंदर्य और अधिक निखरेगा।

7 करोड़ की लागत से 244 हेरिटेज पोल और 461 लाइटें स्थापित

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से शहर के सौंदर्यीकरण एवं सार्वजनिक पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हेरिटेज लाइटिंग परियोजना पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इस परियोजना के तहत अद्वैत आश्रम से नौसर माता मंदिर तथा मित्तल तिराहे से टेलीफोन एक्सचेंज तक कुल 244 हेरिटेज पोल और 461 हेरिटेज लाइटें स्थापित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत हटाए गए पुराने पोल और लाइटों का भी पुनः उपयोग किया जा रहा है। इन्हें चामुंडा माता मंदिर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में लगाया जा रहा है, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

सुंदर और स्वच्छ अजमेर बनाने के लिए निरंतर विकास कार्य

देवनानी ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं आकर्षक शहर बनाने के लिए विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। दीपावली के अवसर पर की गई विशेष रोशनी शहरवासियों के उत्सव के उल्लास को और बढ़ाएगी।

कार्यक्रम में महापौर अनामिका शर्मा, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, निगम आयुक्त गौरव बुडानिया, पार्षद विनोद डीडवानिया, मोनिका जैन एवं काश्यपी सांखला सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *