पंचायतीराज आम चुनाव के तहत निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित वाहनों को अन्यत्र ले जाने और चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जयपुर (प्रथम) ने तीन वाहनों के परमिट निलंबित कर दिए हैं।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी चम्पालाल ने बताया कि वाहन संख्या RJ14TG9479 (मारुति टूर एस सीएनजी) के मालिक शुभम गुर्जर का वाहन कोटखावदा पंचायत समिति क्षेत्र में निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित किया गया था। इसी प्रकार वाहन संख्या RJ14TH3083 (मारुति टूर एस सीएनजी) के मालिक अशोक कुमार बैरवा का वाहन माधोराजपुरा पंचायत समिति क्षेत्र में तथा वाहन संख्या RJ14TG8880 (मारुति डिजायर ZXI) के मालिक श्रीनिवास का वाहन कोटखावदा पंचायत समिति क्षेत्र में निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित किया गया था।
उन्होंने बताया कि अधिग्रहण के बाद वाहन मालिकों ने अपने वाहन अन्यत्र ले गए, फोन कॉल रिसीव नहीं किए और निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। इस पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 86 के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत शुभम गुर्जर के वाहन का परमिट 5 नवंबर 2026 से 4 दिसंबर 2026 तक कुल 30 दिनों के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, अशोक कुमार बैरवा और श्रीनिवास के वाहनों के परमिट 90-90 दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं।
निलंबन अवधि में वाहन संचालन पर प्रतिबंध
आरटीओ ने बताया कि परमिट निलंबन अवधि के दौरान संबंधित वाहनों का किसी भी सार्वजनिक मार्ग पर संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परमिट धारकों को आदेश प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर मूल परमिट कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निलंबन अवधि में वाहन संचालित पाए जाने पर वाहन जब्त करने के साथ परमिट स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित वाहन मालिक आदेश प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर राज्य परिवहन अपीलीय अधिकरण, राजस्थान के समक्ष अपील भी प्रस्तुत कर सकते हैं।
