दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं एवं बर्न यूनिट को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश भी दिए हैं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आगजनी एवं अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्न यूनिट में आवश्यक संसाधन, दवाइयां एवं उपचार संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सा कर्मी ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
