BRICS वीक का समापन, आरएसपीसीबी ने दिया वेस्ट कम करने का संदेश

👁 1 Views

संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय ‘BRICS Sustainable Lifestyle Week 2026’ का शनिवार को समापन हुआ। सप्ताह के अंतिम दिन निर्धारित थीम ‘Reduce Waste’ के तहत राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर अपशिष्ट उत्पादन कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में कचरे के न्यूनतम उत्पादन, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग एवं सतत कार्यप्रणालियों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस दौरान कागज की अनावश्यक खपत कम करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने तथा अनावश्यक कचरा उत्पन्न होने से रोकने पर जोर दिया गया। साथ ही Reduce, Reuse एवं Recycle (3R) के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

कचरे का स्रोत पर ही न्यूनतमकरण जरूरी

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री अमित शर्मा एवं अधीक्षक वैज्ञानिक अधिकारी श्री अभिषेक शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपशिष्ट प्रबंधन, जिम्मेदार उपभोग एवं पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल कचरे का निस्तारण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके उत्पादन को शुरुआती स्तर पर ही कम करना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक आदतों में बदलाव लाते हुए संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कागज एवं अन्य संसाधनों का आवश्यकतानुसार उपयोग, पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को प्राथमिकता तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ लेकर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, अपशिष्ट उत्पादन में कमी तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि 1 से 7 नवंबर तक आयोजित BRICS Sustainable Lifestyle Week 2026 के तहत प्रतिदिन अलग-अलग पर्यावरणीय विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सतत खाद्य प्रणालियों, पर्यावरण अनुकूल व्यवहार, ई-वेस्ट में कमी एवं अपशिष्ट न्यूनीकरण जैसे विषय शामिल रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *