वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने बुधवार को अलवर जिले के राजकीय सामान्य चिकित्सालय परिसर में मेट्सो इंडिया प्रा. लि. द्वारा सीएसआर फंड से निर्मित किए जाने वाले नवीन नेत्र चिकित्सा भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्रीमती सुमनलता अग्रवाल एवं उप महापौर श्री अजय पूनिया भी उपस्थित रहे।
वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल जयपुर के बाद अलवर का राजकीय सामान्य चिकित्सालय नेत्र रोग चिकित्सा के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी स्थान रखता है। यहां नेत्र रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक बड़ी एवं अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा यूनिट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मेट्सो इंडिया प्रा. लि. के सहयोग से सीएसआर फंड के माध्यम से इस यूनिट का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा यूनिट के बनने से अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें नेत्र चिकित्सा के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।
मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत सामान्य चिकित्सालय परिसर में 100 बेड के भवन का निर्माण प्रगतिरत है, शिशु अस्पताल के भवन को अपग्रेड किया जा रहा है, मूंगस्का पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत किया गया है तथा शिवाजी पार्क में नई पीएचसी शुरू की गई है। इसके अतिरिक्त रामगढ़ में उप जिला अस्पताल सहित जिले के कई चिकित्सा संस्थानों को भी अपग्रेड किया गया है।
इस अवसर पर वन राज्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
तीन मंजिला भवन में होंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
राजकीय सामान्य चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. प्रेमचंद सैनी ने बताया कि वर्ष 2024 में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा मेट्सो कंपनी के बीच अस्पताल परिसर में नेत्र चिकित्सा यूनिट के निर्माण के लिए एमओयू हुआ था। प्रस्तावित तीन मंजिला भवन में पहली मंजिल पर 80 बेड का वार्ड तथा तीसरी मंजिल पर चार ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बनाए जाएंगे। इनमें दो जनरल, एक सेप्टिक और एक सुपर स्पेशियलिटी ओटी शामिल होंगे।
