राजस्थान के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए 9,321 करोड़ का पैकेज

👁 1 Views

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने 9,321 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की व्यवस्था की है। उन्होंने आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रभावित जिलों में आमजन, किसानों और पशुपालकों को पेयजल, सिंचाई एवं चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रभावित जिलों के जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, वहां आवश्यकता के अनुसार चारा डिपो का सुव्यवस्थित संचालन किया जाए। साथ ही गोशालाओं के माध्यम से भी पशुओं के लिए पेयजल और चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित जिलों में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से वीबी-जीराम-जी, राजीविका एवं आवासीय योजनाओं के माध्यम से रोजगार और आजीविका संबंधी कार्य संचालित किए जाएं। उन्होंने खरीफ फसल खराबे का गिरदावरी के आधार पर आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने तथा प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

पेयजल और बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कंटीजेंसी प्लान के आधार पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को नलकूपों के बिजली कनेक्शन प्राथमिकता से जारी करने को कहा। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पेयजल परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

15 जिलों की 87 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में मानसून सत्र के दौरान औसत वार्षिक वर्षा में लगभग 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके चलते प्रदेश के 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इनमें 73 तहसीलें गंभीर सूखाग्रस्त तथा 14 तहसीलें मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में शामिल हैं।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा) भास्कर ए. सावंत सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, राजस्व, पशुपालन, गौपालन, कृषि एवं उद्यानिकी, सहकारिता, वित्त, ईजीएस और जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *