जयपुर में दिसंबर में लगेगा राष्ट्रीय सरस मेला

👁 1 Views

दिसंबर माह में जयपुर में राजीविका के राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेले में राजस्थान की समृद्ध कला एवं संस्कृति से जुड़े स्थानीय उत्पादों को शामिल करने और प्रदेश की राजीविका महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए बैठकें आयोजित कर महिलाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजीविका एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये दोनों क्षेत्र ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक समृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के प्रभावी माध्यम हैं। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्पाद निर्माण के साथ मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बिक्री के बेहतर अवसर भी उपलब्ध करवाए जाने चाहिए।

राजीविका उत्पादों के लिए विकसित होगा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 25 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत अब तक 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका के बेहतर अवसर देने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

इसी दिशा में राज्य सरकार महिलाओं के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है। इससे उनके उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी और आय के नए अवसर सृजित होंगे।

संभाग स्तर पर सरस सखियों को मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने सरस सखी योजना को ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक समृद्धि की दिशा में अभिनव पहल बताया। उन्होंने राजीविका एवं डेयरी विभाग को संयुक्त कार्ययोजना प्रभावी ढंग से लागू करने और उत्पादों को एकीकृत विपणन नेटवर्क से जोड़ने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सरस सखियों को संभाग स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि वे अपने कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित कर सकें और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *