प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देने के साथ बेंगलुरु की टेक सिटी के रूप में पहचान को और मजबूत करेंगी। मेट्रो, रेलवे और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी ये परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कन्नड़ भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए बेंगलुरु की अधिष्ठात्री देवी अन्नम्मा ताई और नाडप्रभु केम्पेगौड़ा को नमन किया। उन्होंने कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव के जीवन और देशसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उनके पति के शहीद होने के बाद भी सुधा यादव ने मां भारती की सेवा का संकल्प जारी रखा। उनका जीवन देश के प्रति समर्पण और सेवा भावना की प्रेरणा देता है।
विकास और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की विकास यात्रा में बुनियादी ढांचे और बेहतर कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इससे रोजगार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होते हैं। विकास के ये अवसर जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन से आईआईएम बेंगलुरु सहित कई शिक्षण संस्थानों और प्रमुख व्यावसायिक एवं प्रौद्योगिकी केंद्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ समय और धन की बचत होगी। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अनंत कुमार को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
100 किलोमीटर से अधिक हुआ नम्मा मेट्रो नेटवर्क
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु देश की सिलिकॉन वैली है और देश के कुल आईटी निर्यात में एक-तिहाई से अधिक योगदान देता है। वर्ष 2014 में नम्मा मेट्रो का नेटवर्क केवल 17 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो नेटवर्क का विस्तार ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रैवल के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल रही हैं।
रेलवे के आधुनिकीकरण पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे अब आधुनिक सुविधाओं और भारतीय पहचान के साथ नई विरासत का निर्माण कर रही है। वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन विकसित भारत की आधुनिक रेल सेवाओं का उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि कर्नाटक के 60 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड सहित कई स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश के रेल बजट में कई गुना वृद्धि हुई है और कर्नाटक के रेल बजट आवंटन में नौ गुना बढ़ोतरी हुई है। राज्य को चार अमृत भारत स्टेशन, दो दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण परियोजनाएं और गोवा को जोड़ने वाली नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है।
ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को और स्पष्ट किया है। भारत ने पिछले एक दशक में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कच्चे तेल के भंडारण, सौर एवं पवन ऊर्जा के विस्तार और रेलवे के विद्युतीकरण जैसे कदम उठाए हैं।
उन्होंने कर्नाटक की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख किया। मंगलुरु एलपीजी परियोजना से 80 हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता बढ़ेगी। देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन की आपूर्ति अधिक व्यवस्थित होगी। वहीं, बेंगलुरु का सीबीजी प्लांट प्रतिदिन करीब 13 टन बायोगैस का उत्पादन करेगा। इससे कचरा प्रबंधन बेहतर होने के साथ प्राकृतिक गैस के आयात पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट के पार
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिप से लेकर शिप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए पर्याप्त बिजली उत्पादन और ऊर्जा सुरक्षा आवश्यक है। देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो चुकी है तथा स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य को पूरा करने के लिए परमाणु ऊर्जा संयंत्रों का भी विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में 60 लाख से अधिक परिवारों ने अपनी छतों पर सौर संयंत्र लगाए हैं। इनमें कर्नाटक के 40 हजार से अधिक परिवार शामिल हैं। प्रत्येक परिवार को केंद्र सरकार की ओर से लगभग 80 हजार रुपये की सहायता दी गई है।
इसी प्रकार, पीएम-कुसुम योजना के तहत कर्नाटक के किसानों को आठ लाख से अधिक सौर पंपों के माध्यम से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे किसानों की बिजली लागत कम होने के साथ आय और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अब कर्नाटक के अन्नदाता ऊर्जादाता भी बन रहे हैं।
नव-मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करना प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ शुरू किए गए प्रयासों से देश में मध्यम वर्ग का विस्तार हुआ है और एक नया आकांक्षी वर्ग उभरा है। यह वर्ग बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, घरेलू उपकरण, वाहन और पर्यटन जैसी सुविधाओं की आकांक्षा रखता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आकांक्षाओं से ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन और सेवा क्षेत्रों में नए उद्योगों तथा रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। नव-मध्यम वर्ग देश की आर्थिक वृद्धि का महत्वपूर्ण आधार बन रहा है और इसके हित केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
मध्यम वर्ग को आर्थिक राहत देने के प्रयास
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाने और उसकी खर्च करने की क्षमता मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को आयकर से छूट, वरिष्ठ नागरिकों एवं किराये से आय प्राप्त करने वालों को राहत देने के लिए टीडीएस नियमों में बदलाव तथा जीएसटी सुधार किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर जीएसटी समाप्त करने से बीमा अधिक किफायती हुआ है। सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े, उसकी क्रय शक्ति मजबूत हो और वह अपने परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बने।
प्रधानमंत्री ने अंत में कर्नाटक के लोगों को सभी नई विकास परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं विकसित कर्नाटक और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
