मैदान में आयोजित 15 दिवसीय भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शनिवार को राजस्थान मंडप का विधिवत शुभारंभ किया गया। राज्य के प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने दीप प्रज्वलित कर मंडप का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राजस्थान मंडप के निदेशक हर्ष शर्मा ने रोहित कुमार को मंडप का अवलोकन करवाया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राजस्थान व्यापार मेले का पार्टनर स्टेट है। इसी के तहत राजस्थान मंडप को ‘विकास और विरासत’ थीम पर तैयार किया गया है, जिसमें प्रदेश की औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है।
राजस्थानी कला, हस्तशिल्प और व्यंजनों को मिला मंच
रोहित कुमार ने राजस्थान मंडप के विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और राजस्थानी कलाकारों एवं हुनरमंद कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। मंडप निदेशक ने बताया कि इस बार उद्योग एवं पर्यटन विभाग, रीको, बीआईपी, खादी और राजीविका की सहभागिता से मंडप को विशेष रूप से समृद्ध बनाया गया है। यहां राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड की ओर से करीब एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में राजस्थान मंडप का निर्माण किया गया है। इसमें प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, सांस्कृतिक विविधता, कला, शिल्प, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है।
21 नवंबर को मनाया जाएगा राजस्थान दिवस
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान 21 नवंबर को राजस्थान दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
