पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत शनिवार को जयपुर जिले में चतुर्थ चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने दिनभर बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने खोखावाला, भांगड़ कला सहित चारों पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात मतदान कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया के संचालन और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना का अवलोकन किया।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए जताया आभार
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने चतुर्थ चरण का मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के सभी मतदाताओं, आमजन, जनप्रतिनिधियों तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सक्रिय भागीदारी से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
16 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान
उल्लेखनीय है कि चतुर्थ चरण के तहत इन चारों पंचायत समितियों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, उपसरपंच पद का चुनाव 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
