राजस्थान की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और संगीत परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित देवस्थान विभाग राजस्थान के श्री वनबिहारी मंदिर, कदमखंडी, जतीपुरा में भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। अष्टछाप के महान संत-कवि एवं संगीतज्ञ अष्टसखा गोविंद स्वामी की बैठक पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शीर्षक ‘कृष्ण सखा गोविंद स्वामी जी – रसिक अनन्यनि को पथ बाँको’ रहा। इसमें अष्टछाप के महान कवियों के पदों का शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में भावपूर्ण गायन किया गया। विशेष रूप से गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं और संगीतप्रेमियों को भावविभोर कर दिया।
राजस्थान में हुआ था अष्टसखा गोविंद स्वामी का जन्म
अष्टसखा गोविंद स्वामी राजस्थान की सांस्कृतिक, कृष्णभक्ति और ब्रज परंपरा के महान संवाहक संत-कवि एवं संगीतज्ञ थे। उनका जन्म राजस्थान के भरतपुर जिले के अटारी गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी विलक्षण काव्य प्रतिभा और संगीत साधना के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वैष्णव मान्यता के अनुसार उन्हें राधा के भाई श्रीदामा का अवतार माना जाता है।
ब्रजभाषा में उनके द्वारा रचित 600 से अधिक पद उनकी आध्यात्मिक अनुभूति, काव्य प्रतिभा और संगीत साधना के परिचायक हैं। उनकी रचनाओं में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, मधुर भावों, स्वरूप सौंदर्य और दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण मिलता है। गोवर्धन की पावन भूमि पर स्थित उनकी बैठक आज भी उनकी साधना और भक्ति परंपरा की स्मृतियों को संजोए हुए है।
अष्टछाप की परंपरा भारतीय भक्ति साहित्य की अमूल्य विरासत
अष्टछाप की परंपरा भारतीय भक्ति साहित्य, संगीत और कृष्णभक्ति की समृद्ध विरासत है। इस परंपरा के आठ महान कवि-संगीतज्ञों को अष्टछाप कहा जाता है। वैष्णव मान्यता के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के अंतरंग सखाओं की भांति कलियुग में श्रीनाथजी की सेवा और लीला-स्मरण के लिए इन महान भक्तों का प्राकट्य हुआ।
महाप्रभु वल्लभाचार्य एवं गोस्वामी विट्ठलनाथ जी ने इन आठ कवियों को श्रीनाथजी की अष्टयाम सेवा से जोड़ा। इनमें सूरदास, कुंभनदास, परमानंददास, कृष्णदास, गोविंद स्वामी, नंददास, चतुर्भुजदास और छीतस्वामी शामिल हैं।
इन कवियों ने अपने पदों, कीर्तनों और संगीत के माध्यम से कृष्णभक्ति को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी रचनाओं ने हिंदी साहित्य के भक्तिकाल को समृद्ध करने के साथ भारतीय संगीत और पुष्टिमार्गीय कीर्तन परंपरा को भी विशिष्ट पहचान प्रदान की। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थित इन कवियों की बैठकें आज भी इस गौरवशाली परंपरा की स्मृतियों को जीवंत बनाए हुए हैं।
हवेली संगीत, शास्त्रीय गायन और कथक की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का आयोजन ब्रज संस्कृति संगीत समिति, वृंदावन के तत्वावधान में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के सहयोग से किया गया। इसका संयोजन शास्त्रीय संगीतज्ञ ब्रज रसिक मधुकरजी ने किया। उल्लेखनीय है कि अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान अष्टछाप के कवियों, उनके साहित्य, संगीत और आध्यात्मिक योगदान पर शोध एवं अनुसंधान के कार्य में सक्रिय है।
कार्यक्रम की विशेषता गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों का पारंपरिक शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में सस्वर गायन रहा। हवेली संगीत, शास्त्रीय गायन और कथक की सांगीतिक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से अष्टछाप की परंपरा को जीवंत अभिव्यक्ति दी गई। संगीत मंडली की सुरमयी प्रस्तुतियों ने गोविंद स्वामी की भक्ति, काव्य और संगीत साधना को साकार कर दिया। पदगायन के दौरान श्रद्धालु कृष्णभक्ति के भाव में सराबोर नजर आए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भेजा शुभकामना संदेश
इस अवसर पर देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर के पुजारी नंदलाल शर्मा ने आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कदमखंडी स्थित गोविंद स्वामी की बैठक में इस तरह का विशिष्ट संगीत आयोजन पहली बार हुआ है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ब्रज की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से भी इस आयोजन के लिए शुभकामना संदेश प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के संस्थापक एवं संरक्षक तथा प्रख्यात भागवताचार्य पंडित योगेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज का मंगलकामना संदेश भी प्राप्त हुआ। उनकी टीम ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर अष्टसखा गोविंद स्वामी की वंश परंपरा के कीर्तनकार डॉ. भगवान मकरंद (कामवन), जयपुर के वरिष्ठ साहित्यकार रामानंद राठी, डॉ. योगेश कुमार शर्मा, सुशांति फाउंडेशन की संस्थापक राधे राधे पुष्पा और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त अष्टछाप साहित्य, ब्रज संस्कृति और कृष्णभक्ति में रुचि रखने वाले सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तजन शामिल हुए। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश के कृष्णभक्त इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़े।
‘अष्टछाप : श्रीकृष्ण के अष्टसखा’ पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान की ओर से प्रकाशित और डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा द्वारा संपादित रंगीन लघु पुस्तिका ‘अष्टछाप : श्रीकृष्ण के अष्टसखा’ का विमोचन किया गया। पुस्तिका श्रद्धालुओं को निशुल्क वितरित की गई।
इसमें अष्टछाप के आठों महान कवियों के जीवन, भक्ति, साहित्यिक योगदान और श्रीनाथजी की सेवा परंपरा का परिचय दिया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अष्टसखाओं की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना तथा इस परंपरा के प्रति अध्ययन और जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है।
सामूहिक अन्नकूट प्रसादी के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक अन्नकूट प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में भक्ति, गीत-संगीत, नृत्य, साहित्य और सेवा का अनूठा समन्वय देखने को मिला।
आयोजकों ने कहा कि राजस्थान और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत का संबंध अत्यंत प्राचीन और आत्मीय है। भरतपुर की धरती पर जन्मे अष्टसखा गोविंद स्वामी ने ब्रजभूमि को अपनी साधना स्थली बनाकर श्रीकृष्ण भक्ति, ब्रजभाषा साहित्य और संगीत की अमूल्य विरासत प्रदान की, जो आज भी भारतीय भक्ति परंपरा को समृद्ध कर रही है।
उन्होंने कहा कि गोविंद स्वामी की बैठक जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर संगीत, साहित्य और शोध आधारित आयोजन करना केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि अपनी आध्यात्मिक जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर, कदमखंडी, जतीपुरा, गोवर्धन में आयोजित यह संगीत महोत्सव इसी दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। शास्त्रीय संगीत के स्वरों में जब अष्टसखा गोविंद स्वामी के पद गूंजे तो मानो ब्रज की प्राचीन भक्ति परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी।
