मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विजन के अनुरूप तीर्थराज पुष्कर आने वाले समय में नव्य, भव्य और दिव्य स्वरूप में नजर आएगा। राज्य सरकार पुष्कर की पौराणिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक स्वरूप में विकसित करने के लिए ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, पुष्कर सरोवर के घाटों और परिक्रमा मार्ग के विकास के मेगा प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सड़क निर्माण सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने के लिए 42 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य करवाए गए हैं। इनमें पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क, सूरजकुंड योजना, मोतीसर मार्ग, सावित्री मंदिर मार्ग और शहर के विभिन्न मार्गों का विकास शामिल है।
इसके अलावा 80 लाख रुपये की लागत से पुष्कर सरोवर के निकट उच्चस्तरीय पुल की मरम्मत तथा 1 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से भव्य स्वागत द्वार का निर्माण करवाया गया है। सावित्री माता मंदिर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। वहीं, पुष्कर को क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
पर्यटकों की पसंद बन रहा पुष्कर
पुष्कर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के साथ-साथ इसका पर्यटन आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2023 में यहां 76 लाख 42 हजार से अधिक घरेलू पर्यटक पहुंचे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 1 करोड़ 24 लाख से अधिक और वर्ष 2025 में 1 करोड़ 32 लाख से अधिक हो गई।
वर्ष 2025 में पुष्कर पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 68 हजार 327 रही। वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 70 लाख 88 हजार से अधिक घरेलू और 31 हजार 459 विदेशी पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं।
परंपरागत आयोजनों और पर्यटन के नए अनुभवों का संगम बनेगा पुष्कर मेला
हर वर्ष की भांति इस बार भी पुष्कर मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन के विविध रंगों से देश-दुनिया के पर्यटकों को रूबरू करवाने के लिए तैयार है।
17 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में विदेशी पर्यटकों की सहभागिता वाली खेल प्रतियोगिताएं, फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी।
विदेशी पर्यटक राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में स्थानीय प्रतिभागियों के साथ मुकाबला करते नजर आएंगे। वहीं, शिल्पग्राम में प्रदेश के हस्तशिल्पियों का हुनर और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
20 नवंबर को शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। इस दौरान हस्तशिल्प और खानपान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पुष्कर सरोवर की महाआरती, दीपदान और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक छटा को और बढ़ाएंगी।
70 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से सड़कों का होगा कायाकल्प
पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं।
सूरजकुंड योजना (चरण-1) में 4 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से जीएसबी स्तर तक आंतरिक सड़क निर्माण कार्य करवाया गया है। पुष्कर मेला मैदान रोड से मोतीसर तक 3 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक तथा मोतीसर से सूरजकुंड योजना रोड तक 2 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की लागत से सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य किए गए हैं।
इसी तरह पुष्कर रेलवे क्रॉसिंग से सावित्री मंदिर तक 1 करोड़ 60 लाख रुपये और गनाहेड़ा न्यू मेला मैदान होते हुए मोतीसर रोड तक 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण करवाया गया है।
पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संरचना को मजबूत करने के लिए 25 करोड़ रुपये की लागत से अजमेर जिले की सीमा से भदून होते हुए नागौर जिले की सीमा पर उमामाल की ढाणी तक स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त 64 लाख 90 हजार रुपये की लागत से मुरली से गुर्जर मंदिर तक सड़क निर्माण, 48 लाख 87 हजार रुपये से अजमेर चुंगी नाका से पचकुंड रोड तक तथा 80 लाख 57 हजार रुपये से गुरुद्वारा से भवन भैरूजी तक सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण करवाया गया है। वहीं, 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से गनाहेड़ा स्कीम तक सीसी रोड का निर्माण किया गया है।
पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। सूरजकुंड योजना प्रथम के तहत योजना क्षेत्र का समतलीकरण एवं ड्रेसिंग तथा जीएसबी स्तर तक सड़क निर्माण का कार्य 15 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से करवाया जाएगा।
स्थानीय निवासियों के लिए भी बढ़ेंगी सुविधाएं
पुष्कर के सर्वांगीण विकास के साथ स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राज्य सरकार ने पुष्कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को उप जिला चिकित्सालय और नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत किया है। इसके अलावा यहां नवीन वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय भी खोला गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में नवीन राजकीय आवासीय वेद विद्यालय की स्थापना की गई है। साथ ही राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय और दर्शनशास्त्र विषय भी प्रारंभ किए गए हैं।
इन पहलों के माध्यम से पुष्कर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए पर्यटन, सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं का समग्र विकास सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
